रेवाड़ी: छह सितंबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रेवाड़ी हाफ मैराथन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मैराथन रूट को आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख चौक-चौराहों, सड़क किनारे के स्थानों और आयोजन स्थल के आसपास साफ-सफाई के साथ सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है।
हरियाणा राज्य स्तरीय हाफ मैराथन को ‘नशा मुक्त हरियाणा, खेल युक्त हरियाणा’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। मैराथन में देशभर से एक लाख युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। अब तक 89,044 प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। प्रशासन की ओर से मैराथन रूट और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के सुंदरीकरण पर जोर दिया जा रहा है।

दो चरणों में होगी मैराथन: बता दे रेवाड़ी में आयोजित मैराथन में पांच और दस किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। दोनों श्रेणियों में बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की उम्मीद है। प्रशासन का उद्देश्य आयोजन को सफल बनाने के साथ युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना है। मैराथन के माध्यम से जिले में स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति का संदेश भी पहुंचाया जाएगा।
जानिए कितने लोगों ने करवाया पंजीकरण: बता दे कि मैराथन के लिए पंजीकरण कराने वालों में 50,631 पुरुष और 38,413 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए 1,646 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के लिए शनिवार को अंतिम अवसर है। ऐसे में प्रतिभागियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मैराथन की शुरुआत राव तुलराम स्टेडियम से होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी युवाओं के साथ दौड़ में शामिल होंगे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा
प्रतिभागियों और बाहर से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा मैराथन रूट पर प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, पेयजल, रिफ्रेशमेंट तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध रहेंगी। प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर नवीन पुनिया और सत्यन लांबा गीत सुनाकर प्रतिभागियों में जोश भरेंगे।












