रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी सीआईए (CIA) पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गांव चिल्हड़ में हवाई फायरिंग करने और गाड़ी में तोड़फोड़ मचाने के सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव चिल्हड़ निवासी विकास उर्फ तर्रे और लोकेश उर्फ लूका के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

क्या था पूरा मामला?
सदर पुलिस के अनुसार, गांव चिल्हड़ निवासी शिव चरण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी लोकेश उर्फ लूका वहां पहुंचा और उसने उसकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक गिरा दी। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए गाड़ी में लात मारकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और हवाई फायरिंग की।
सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट (शस्त्र अधिनियम) समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CIA रेवाड़ी को सौंपी गई।
विकास उर्फ तर्रे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
सदर थाना पुलिस और CIA की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास उर्फ तर्रे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाना और सदर थाना रेवाड़ी में मारपीट, एक्साइज एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिमांड में ओर होगा खुलासा: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 1 दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की जा सके। इसके साथ ही इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।












