
रेवाड़ी (Best24News): इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर के राजनीति विज्ञान विभाग के तीन होनहार विद्यार्थियों—साहिल, शबनम यादव और अंकित यादव—ने यूजीसी-नेट (UGC-NET) जून 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय और पूरे रेवाड़ी क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में मिली सफलता ने विभाग की अकादमिक श्रेष्ठता और विद्यार्थियों की मेहनत पर मुहर लगाई है।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने दी शुभकामनाएं, जताया गर्व
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी का संदेश:
“यूजीसी-नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प और सतत परिश्रम का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह उपलब्धि राजनीति विज्ञान विभाग के शिक्षण स्तर और अकादमिक गुणवत्ता को दर्शाती है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये युवा भविष्य में उच्च शिक्षा, शोध और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देंगे।”
ये भी पढ़ें:बाबा मुक्तेश्वर पुरी गौशाला कोसली के चुनाव में ओम प्रकाश ने मारी बाजी, 43 वोट लेकर बने अध्यक्ष
शोधोन्मुख माहौल का परिणाम: विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए इसे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का फल बताया।
- अकादमिक माहौल: विभागाध्यक्ष ने बताया कि विभाग में आयोजित विशेष संगोष्ठियां, विशेषज्ञ व्याख्यान, शोध चर्चाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निरंतर मार्गदर्शन विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
- लक्ष्य: विभाग का ध्येय विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें उच्च शिक्षा, अनुसंधान (Research) और अकादमिक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
छात्रों ने शिक्षकों और अभिभावकों को दिया सफलता का श्रेय
यूजीसी-नेट परीक्षा में सफलता झंडे गाड़ने वाले विद्यार्थियों—साहिल, शबनम यादव और अंकित यादव—ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विभागाध्यक्ष व अध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन, आईजीयू के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तथा अपने माता-पिता के अटूट सहयोग को दिया है इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शोधार्थियों और साथी विद्यार्थियों ने सफल अभ्यर्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी अनाज मंडी पहुंचे इनेलो नेता, चेयरमैन के सामने उठाई यें मांग
