Haryana: रेवाड़ी जिले के सेक्टर-5 में संचालित रोटरी रसोई अब विवादों के घेरे में आ गई है। रसोई के संचालक नवीन अदलखा पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की करीब 40 गज जमीन पर शैड बनाकर अवैध कब्जा करने का आरोप है। विभाग का कहना है कि रसोई के संचालन के लिए न तो अनुमति ली गई और न ही किसी प्रकार की लीज अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं।
हालांकि मामला यहीं तक सीमित नहीं है। शैड के अलावा आसपास के क्षेत्र में पौधे लगाकर कब्जा की गई जमीन को मिलाया जाए तो कुल कब्जा 200 गज से भी अधिक हो जाता है। विभागीय अनुमान के अनुसार, जहां शैड की कीमत दो करोड़ से ज्यादा आंकी गई है, वहीं पूरी जमीन की वर्तमान बाजार कीमत लगभग छह करोड़ रुपए के आसपास है।
रसोई संचालक नवीन अदलखा का कहना है कि वे यह कार्य पिता की प्रेरणा से पुण्य के उद्देश्य से कर रहे हैं और गरीबों को सस्ते दामों पर भोजन उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि HSVP के ईओ से बातचीत के बाद ही रसोई की शुरुआत की थी, जिन्होंने इसे एक सामाजिक कार्य मानते हुए प्रोत्साहित किया था।
विभाग ने रसोई संचालक को नोटिस जारी कर दो दिन में कब्जा हटाने का आदेश दिया था, लेकिन निर्धारित समय तक जमीन खाली नहीं की गई। अब विभाग अवैध निर्माण को हटाने की तैयारी में जुट गया है। ईओ ने कहा कि विभागीय जमीन पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और उचित कार्रवाई की जाएगी।
दीपक घणघ, ईओ HSVP रेवाड़ी

















