Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। जिले में दो नए राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय खोलने की अनुमति मिल गई है। इसकी जानकारी प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दी। उन्होंने बताया कि ये औषधालय गांव लिसान और गांव करावरा मानकपुरा में स्थापित किए जाएंगे, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा।Haryana News
जानिए कितनी आएगी लागत: स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रत्येक आयुर्वेदिक औषधालय पर करीब 50 से 60 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। इन औषधालयों के शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को आयुर्वेदिक उपचार के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को परामर्श, दवाइयां और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों में न जाना पड़े।

















