Haryana News: करनाल के लोगों के लिए गुरुवार का दिन खुशियों भरा रहा जब विधायक जगमोहन आनंद और मेयर रेणु बाला गुप्ता ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। नगर निगम द्वारा ये सभी प्रोजेक्ट पूरे करवाए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे रोड स्थित लाइब्रेरी को डिजिटल बनाने के कार्य से की गई। इसके साथ ही वार्ड नंबर 12 की दयाल टावर वाली गली में पार्क और गलियों के निर्माण कार्य का उद्घाटन भी किया गया।
शहर के कई वार्डों में शुरू हुए काम
शाम को वार्ड नंबर 7 में अर्जुन गेट के सामने विकास कार्यों की शुरुआत हुई। वहीं वार्ड नंबर 20 में गांधी नगर की गली नंबर 10 और 11 में भी नए निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन सभी प्रोजेक्ट्स से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल के हर इलाके में विकास के काम तेजी से पूरे करवाए जा रहे हैं ताकि नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने बताया कि रेलवे रोड स्थित पुरानी लाइब्रेरी को अब डिजिटल रूप में बदला जाएगा। इस कार्य पर करीब दो करोड़ 98 लाख रुपये की लागत आएगी। लाइब्रेरी की पहली मंजिल का निर्माण भी इसी प्रोजेक्ट के तहत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह काम एक साल के भीतर पूरा कर लिया जाएगा और निर्माण के दौरान वे स्वयं समय-समय पर निरीक्षण करेंगे ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाएं
लाइब्रेरी के नवीनीकरण से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। यहां आने वाले बच्चों को सभी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। विधायक ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा और संसाधन देना है। अगर किसी व्यवस्था में कोई कमी पाई जाती है तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा।
मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि यह लाइब्रेरी करनाल शहर की शान बनेगी। दो करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से इसका नवीनीकरण किया जाएगा और लिफ्ट जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करना हमारी प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा शुरू की गई “बिना पर्ची बिना खर्ची” नौकरी योजना ने युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की दिशा में प्रेरित किया है।

















