Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में रविवार की रात शादी समारोह में जबरदस्त हंगामा हो गया। आरोप है कि दुल्हन के मौसेरे भाई ने अपने 20 से 25 साथियों के साथ मिलकर दूल्हे और बारातियों की पिटाई कर दी।
घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हे को घोड़ी से उतारकर हमला किया गया। इस हमले में कई बाराती घायल हो गए। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। दूल्हे समेत सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
उधर, हमले से घबराए हुए अन्य बाराती बिना खाना खाए ही अपने गांव लौट गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से शादी की खुशियों में खलल पड़ गया। गांव और बारात में शामिल बुज़ुर्गों ने मामले को किसी तरह संभाला।
इसके बाद दुल्हन को भी अस्पताल लाया गया, जहां दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी की रस्म पूरी की। बिना बैंडबाजे के अस्पताल से ही दुल्हन की विदाई की गई।

















