Haryana News: हरियाणा सरकार द्वारा स्थापित मॉडल संस्कृति स्कूल और पीएम श्री स्कूलों में अब शिक्षकों की 10 साल तक पोस्टिंग होगी। पहले शिक्षकों की नियुक्ति 5 साल के लिए होती थी। सरकार ने इस अवधि को दोगुना कर दिया है। शुक्रवार को मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एमआईएस) पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई।
स्थानांतरण के इच्छुक शिक्षक 13 जून रात 10 बजे तक एमआईएस पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इस बार मॉडल संस्कृति और पीएम श्री स्कूलों में पढ़ाने के इच्छुक शिक्षकों की ऑफलाइन परीक्षा सेंटा (सेंटर फॉर टीचर एक्रीडिएशन) की बजाय हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जाएगी।
प्राथमिक शिक्षकों के लिए लिखित परीक्षा 70 अंकों की होगी और 30 प्रतिशत अंक अकादमिक के होंगे। अन्य सभी श्रेणियों के शिक्षकों के लिए 60 अंकों की लिखित परीक्षा होगी। 40 प्रतिशत अंक अकादमिक के होंगे।
अकादमिक और परीक्षा में प्राप्त अंकों के साथ एमआईएस पोर्टल का स्कोर स्थानांतरण का आधार होगा। प्रदेश भर में कुल 468 मॉडल संस्कृति एवं पीएम श्री माध्यमिक हाईस्कूल तथा 1420 मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में रिक्त पदों पर तैनाती के लिए सभी नियमित एवं अतिथि शिक्षकों, स्नातकोत्तर शिक्षकों (पीजीटी), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों (टीजीटी), कला शिक्षकों (सीएंडवी) के साथ ही प्राथमिक शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापकों से आवेदन मांगे गए हैं।

















