New Road: बिहार के मुजफ्फरपुर में मीनापुर-शिवहर रोड पर जाम की समस्या से लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। इस रोड के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। CM मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनवरी में इस रोड का जायजा लिया था। इसके बाद राज्य कैबिनेट की मेटिंग में इस प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। अब इस टेंडर की प्रक्रिया जारी है।
इसके लिए अधिग्रहित जमीन से संबंधित रिकॉर्ड की आवश्यकता है। तभी इस रोड के चौड़ीकरण को लेकर वहां पर सीमांकन और मापी का काम किया जाएगा। रोड निर्माण विभाग-2 के कार्यपालक अभियंता ने जिला भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी को गावों का ब्योरा भेजकर रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में 15 गावों में जमीन अधिग्रहण किया गया था। इसकी अधिघोषणा भी प्रकाशित हुई थी। इसी से संंबंधित अभिलेख देने को कहा है।
बताया गया कि मीनापुर से शिवहर तक 40 किलोमीटर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य होना है। इसपर दो अरब 99 करोड़ 55 लाख रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण झपहां ओवरब्रिज के पास से मीनापुर, कचचौलिया, सिवाईपट्टी होते हुए शिवहर तक किया जाएगा।
रोड निर्माण विभाग-एक और दो की ओर से मुजफ्फरपुर जिले में 20 किलोमीटर तक चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। शेष कार्य शिवहर जिले से संबंधित विभाग द्वारा कराया जाएगा।
वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई मात्र सात मीटर है। इसे बढ़ाकर 11 मीटर किया जाएगा। इससे भारी वाहनों के प्रवेश करने पर भी जाम की समस्या नहीं होगी।
इन गावों की होगा जमीन का अधिग्रहण:
इस सड़क चौड़ीकरण को लेकर विशनपुर बिन्दी, अजरकवे पचरावंशी, किशनपुर उर्फ नरवारा, नरवारा, माधोपुर, दरियापुर, सिवाईपट्टी, हरहियां छपरा, करचौलिया, मंगिया उर्फ मांगन छपरा, बनघारा, हरदु वक्श, हरपुर, मीनापुर और विशंभरपुर में जमीन का अधिग्रहण किया गया था।

















