Breaking News: भिवाड़ी क्षेत्र में बिजली चोरी के लगातार सामने आ रहे मामलों को लेकर बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अधीक्षण अभियंता जेपी बैरवा के निर्देश पर गुरुवार को टपूकड़ा क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई। कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।Breaking News
टीमों ने टपूकड़ा क्षेत्र की सोसाइटियों, सड़क किनारे स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी सख्ती से कार्रवाई की। इस दौरान करीब 120 से 150 अवैध जंपर हटाए गए। इसके अलावा बड़ी कॉलोनियों और निर्माणाधीन फैक्टरियों में भी बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले सामने आए, जिससे विभाग को भारी नुकसान होने की पुष्टि हुई।Breaking News
टीम ने चलाया विशेष अभियान: बता दे टीम ने स्पेशल अभियान चलाया। अभियान में अधिशासी अभियंता भिवाड़ी के नेतृत्व में तीन टीमें और अधिशासी अभियंता किशनगढ़ बास के नेतृत्व में नौ टीमें गठित की गईं। कुल 12 टीमों ने दिनभर सघन जांच करते हुए गुवालदा, मिरचूनी, जखोपुर, मेवात, मिल्कपुर, गंधोला, नाखनौल, झिवाना, बनजारा, सारेकला और गोतोली सहित कई गांवों और कॉलोनियों में निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं को मीटर बायपास कर बिजली का उपयोग करते हुए पाया गया। कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सर्विस लाइन से हीटर और एक फेज मोटर चलती मिली, जबकि कई जगह थ्री फेज ट्रांसफार्मर से लूपिंग कर अवैध रूप से बिजली ली जा रही थी।
अभियान के दौरान कुल 90 विजिलेंस चेक रिपोर्ट भरी गईं। जांच में 2 लाख 7 हजार 860 यूनिट बिजली चोरी का आकलन किया गया, जिसके आधार पर संबंधित उपभोक्ताओं पर कुल 34.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















