Breaking News: अजय कुमार सहरावत बने AFI पैनल स्टार्टर, हरियाणा का बढ़ाया गौरव

On: February 1, 2026 8:21 PM
Follow Us:
अजय कुमार सहरावत बने एएफआई पैनल स्टार्टर, हरियाणा का बढ़ाया गौरव

Breaking News: एथलेटिक्स हरियाणा के चीफ स्टार्टर अजय कुमार सहरावत ने खेल जगत में एक नया इतिहास रचते हुए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के पैनल स्टार्टर बनने का गौरव हासिल किया है। एएफआई द्वारा आयोजित स्टार्टर एग्जामिनेशन में देशभर के सभी राज्यों से करीब 44 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें अजय कुमार सहरावत ने 19वां स्थान प्राप्त कर हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अपने जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

सोनीपत जिले के गांव न्यात निवासी अजय कुमार सहरावत वर्तमान में हरियाणा पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अजय कुमार ने मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। खेल हरियाणा के फरीदाबाद मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड ने जानकारी देते हुए बताया कि अजय कुमार का जन्म 8 सितंबर 1984 को जसबीर सिंह और सरोज देवी के घर हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने गांव न्यात के राजकीय उच्च विद्यालय से प्राप्त की। Breaking News

खेलों के प्रति रुचि के चलते अजय कुमार ने जिला और राज्य स्तर पर खो-खो व हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने जाट स्कूल सोनीपत में प्रवेश लेकर एथलेटिक्स के प्रसिद्ध प्रशिक्षक कंवर सिंह गुलिया के मार्गदर्शन में 400 मीटर दौड़ का कड़ा अभ्यास किया। इसके परिणामस्वरूप उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक जीतकर जिले का नाम ऊंचा किया। वर्ष 2003 में उनका चयन हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर हुआ और वर्तमान में वे उप निरीक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

अजय कुमार सहरावत ने बताया कि खेल के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान को मजबूत करने के लिए उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ऑनलाइन डिस्ट्रिक्ट टेक्निकल ऑफिसियल और प्री लेवल वन कोच का कोर्स पूरा किया। इसके अलावा उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला से स्टार्टर कोर्स भी सफलतापूर्वक किया है। वर्तमान में वे एथलेटिक्स हरियाणा में चीफ स्टार्टर के पद पर कार्य कर रहे हैं।

इस उपलब्धि पर अजय कुमार सहरावत ने एथलेटिक्स हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह भादू, अध्यक्ष दिलबाग सिंह, एएफआई की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान, महासचिव प्रदीप मलिक सहित सभी पदाधिकारियों का आभार जताया। वहीं, एथलेटिक्स हरियाणा के समस्त पदाधिकारियों ने उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now