जयपुर/ रेवाडी: रेवाड़ी निवासी दंपति उद्योगपति व उसकी बहन की जयपुर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तीनों के शव शुक्रवार रेवाड़ी पहुंचे। उसके बाद दिल्ली रोड स्थित स्वर्ग आश्रम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार रेवाड़ी निवासी राकेश भार्गव (65) अपने परिवार के साथ राजस्थान के जोधपुर में रह रहे थे। अभी हाल में रेवाड़ी शिफ्ट होने के लिए उन्होंने गढ़ी बोलनी रोड स्थित मनचंदा सोसायटी में फ्लैट भी लिया था। राकेश भार्गव रेवाड़ी के नामी उद्योगपति परिवार से ताल्लुक रखते है।
कैसे हुआ हादसा: पुलिस के अनुसार राकेश अपनी पत्नी रंजना भार्गव (59) और बहन सुषमा (50) के साथ वैगनार कार में सवार होकर जोधपुर से जयपुर आ रहे थे। रास्ते में हाईवे पर दूदू थाना क्षेत्र के रामनगर में सर्विस लाइन पर खड़े ट्रॉला में उनकी कार जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
छाया मातम: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद तीनों के शव को रेवाड़ी लाया गया, जहां उनका दिल्ली रोड स्थित स्वर्ग आश्रम में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में रेवाड़ी शहर के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
Accident news: रेवाडी के उद्योगपति दंपति सहित तीन की दर्दनाक मौत, छाया मातम
By P Chauhan
On: December 10, 2021 9:05 AM
















