कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की 35वीं सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभा को निखारने का मजबूत मंच: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का मजबूत मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुण भी विकसित करते हैं। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा के साथ-साथ देशभर के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर मिलें।
प्रदेश और देश का नाम रोशन करे: मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नायब सरकार खिलाड़ियों के समग्र विकास और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल ढांचे को मजबूत करने, प्रशिक्षण सुविधाओं में सुधार और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
ये रहे मौजूद: इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खो-खो जैसे पारंपरिक खेल आज भी युवाओं में लोकप्रिय हैं और ऐसे आयोजनों से इन खेलों को नई पहचान मिलती है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और सफल खेल करियर के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

















