Haryana Politics: कांग्रेस पर अनिल विज का सीधा वार! बोले– झूठ और भ्रम फैलाना इनकी पुरानी आदत है

On: November 10, 2025 5:52 PM
Follow Us:
Haryana Politics: कांग्रेस पर अनिल विज का सीधा वार! बोले– झूठ और भ्रम फैलाना इनकी पुरानी आदत है

Haryana Politics: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और भड़काऊ बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मिशन झूठ फैलाना और जनता में भ्रम पैदा करना है, जबकि भाजपा जनता के विश्वास पर खरी उतरने वाली पार्टी है।
रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयानों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह कांग्रेस की संस्कृति है, भाजपा की नहीं। कांग्रेस के लोग फर्जी वोट डालते हैं और हम उन्हें कई बार पकड़ चुके हैं।”

“राहुल गांधी आधा सच बोलते हैं”

अनिल विज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “राहुल गांधी हमेशा आधा सच बोलते हैं।” उन्होंने कहा कि राहुल को यह बताना चाहिए कि फर्जी वोट किसने डाले और उसका फायदा किसे मिला। उदाहरण देते हुए विज ने कहा कि अंबाला की साहा विधानसभा सीट पर 223 फर्जी वोट पाए गए थे, जहां से कांग्रेस के विधायक और सांसद दोनों चुनाव जीते। यह इस बात का स्पष्ट सबूत है कि कांग्रेस धोखाधड़ी के ज़रिए चुनावी फायदा उठाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के वोटों से सत्ता में आती है, जबकि कांग्रेस ऐसी गतिविधियों से लोकतंत्र को कमजोर करने का काम करती है।

“खड़गे ने खुद माना, बिहार में था जंगलराज”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बिहार की एनडीए सरकार पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा कि “जब हम कपड़े खरीदते हैं, तो सबसे पहले कंपनी के पुराने रिकॉर्ड को देखते हैं।” खड़गे ने खुद यह स्वीकार किया था कि बिहार में 20 साल पहले जंगलराज और कट्टा राज था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब जब लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव चुनाव हार चुके हैं, तो उन्हें अपने बीमार पिता की सेवा करनी चाहिए, राजनीति में अनावश्यक बयानबाज़ी नहीं करनी चाहिए।

विज ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल की विफलताओं पर आत्मचिंतन करना चाहिए, फिर दूसरों पर आरोप लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में बिहार समेत पूरे देश में विकास और स्थिरता आई है, जो कांग्रेस के शासन में कभी संभव नहीं था।

अनिल विज ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के एक भाषण पर टिप्पणी की थी। विज ने कहा, “प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह देश की ताकत और इतिहास के संदर्भ में कहा था। उन्होंने ‘कट्टे’ और ‘ब्रहमोस’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल देश की तुलना और मजबूती दर्शाने के लिए किया था। कांग्रेस इस पर भी राजनीति कर रही है।”

वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को भाजपा का ‘पन्ना प्रमुख’ बताने वाले बयान पर अनिल विज ने कहा कि “यह टिप्पणी पूरी तरह बेतुकी और संस्थाओं को बदनाम करने वाली है।” उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम वोटों का पंजीकरण और मतदाता सूची तैयार करना है। इस प्रक्रिया को किसी राजनीतिक संगठन से जोड़ना हास्यास्पद है। विज ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक प्रवृत्ति है।

Best24News

सुनील कुमार पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 8 साल से सक्रिय है। इन्होंने दैनिक जागरण, राजस्थान पत्रिका, हरीभूमि व अमर उजाला में बतौर संवाददाता काम किया है। अब बेस्ट 24 न्यूम में बतौर फाउंडर कार्यरत हूं

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now