Haryana Weather: हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। सुबह और शाम की हवा में अब ठंडक महसूस की जा रही है। लोग धीरे-धीरे कंबल और स्वेटर निकालने लगे हैं। मौसम का यह बदलाव साफ संकेत दे रहा है कि ठंड इस बार जल्दी दस्तक देने वाली है।
रात के तापमान में आई गिरावट
भारत मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा में रातें ठंडी होने लगी हैं। अंबाला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। इससे लोगों को अब ठंड का हल्का एहसास होने लगा है और सुबह के समय धुंध भी दिखने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों से आने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं का असर अब मैदानों में दिखने लगा है। इन हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट हो रही है। ये हवाएं ठंड के आगमन का संकेत मानी जाती हैं जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में अपना असर दिखा रही हैं।
बारिश ने तोड़ा 21 साल का रिकॉर्ड
अक्टूबर की बारिश ने हरियाणा में 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार बारिश ने प्रदेश के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। अक्टूबर के शुरुआती दिनों में हुई भारी बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ी है और हवा में ठंडक घुल गई है जिससे रात और सुबह का तापमान तेजी से गिर रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अक्टूबर में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। अगर हवाएं इसी तरह उत्तर पश्चिमी दिशा में चलती रहीं तो हरियाणा में इस बार ठंड समय से पहले दस्तक दे सकती है।

















