Haryana news : हरियाणा में स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान का किया शुभारंभ, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे पी नड्डा और CM सैनी ने किया शुभारंभ

On: September 17, 2025 5:08 PM
Follow Us:

Haryana news : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ हुआ। रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे पी नड्डा ने प्रदर्शनी का रिबन काटकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे पी नड्डा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, जागरूकता और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है। अभियान की अवधि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक रखी गई है।

नारी का स्वास्थ्य – परिवार की शक्ति रही आकर्षण का केंद्र बिंदू

प्रदर्शनी में “स्वस्थ माँ, सुरक्षित शिशु – मजबूत समाज की नींव” जैसे प्रेरक संदेशों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की झलक दिखाई गई।

अवलोकन के बीच मुख्य अतिथि श्री जे पी नड्डा और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी ली।

क्षय रोग उन्मूलन पर विशेष फोकस

निक्षय पोषण योजना पर आधारित पैनलों के माध्यम से लोगों को यह जानकारी दी गई कि टीबी रोगियों को उपचार के दौरान प्रतिमाह 1000 रुपए पोषण सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है। इसके लिए टीबी आरोग्य साथी ऐप और उमंग ऐप के जरिए सत्यापन और ट्रैकिंग की सुविधा भी समझाई गई।

स्टालों पर महिलाओं ने ली रोगों की रोकथाम व इलाज संबंधी जानकारी

स्टॉलों पर कैंसर स्क्रीनिंग, एनीमिया नियंत्रण, थैलेसीमिया जांच, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और क्षय रोग से संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही “आप से रोशन है पूरे परिवार की खुशी – टीबी उपचार लें और अपनों का साथ निभाएं” जैसे संदेशों ने लोगों को आकर्षित किया।

प्रदर्शनी के दौरान पोषण अभियान को लेकर पोस्टर लगाए गए, जिनमें बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित आहार, स्तनपान के महत्व और एनीमिया नियंत्रण जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों और योजनाओं से जुड़े जानकारीपूर्ण पोस्टर, बैनर और स्टॉल लगाए गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।

विशाल रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक भागीदारी पर भी जोर दिया गया। 17 सितंबर को विशाल स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

विशेष टीकाकरण अभियान (VHSND)

अभियान के तहत 17 से 2 अक्टूबर तक विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को शामिल किया जाएगा। सभी का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए रूटीन इम्यूनाइजेशन पर भी जोर दिया जाएगा।

डिजिटल स्वास्थ्य पहल

प्रदर्शनी का एक खास आकर्षण “I am a Digital Health Champion” फोटो फ्रेम और ABHA हेल्थ आईडी कार्ड को प्रमोट करने वाला स्टॉल रहा। इसमें नागरिकों को अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड मोबाइल पर सुरक्षित रखने की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई।

हेल्पलाइन और स्वास्थ्य सेवाएं

प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं को बताया गया कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या या सहायता के लिए हरियाणा स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 और निक्षय संपर्क हेल्पलाइन 1800-11-6666 (टोल फ्री) 24×7 उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर, नगर निगम रोहतक के मेयर श्री रामावतार वाल्मीकि, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, उपायुक्त श्री सचिन गुप्ता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एमडी श्री आरएस ढिल्लो सहित अन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now