Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार की रात मौसम ने रुख बदल लिया और जोरदार बारिश होने ली। बारिश इतनी तेज थी कि दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर से रजोकरी बॉर्डर तक लगभग 15km लंबा जाम लग गया। बारिश की वजह से हाईवे जलमग्न हो गया, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। इस जाम का सामना सबसे ज्यादा दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को करना पड़ा।
इस दौरान कई प्राइवेट अस्पतालों की एंबुलेंस भी इस भीषण जाम में फंस गई,जिनमें कई गंभीर मरीज भी सवार थे। राजीव चौक, हीरो होंडा चौक और सुभाष चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर पानी भर गया। सुभाष चौक पर तो करीब ढाई फीट तक जल भर गया , जिससे वाहन चालकों को बहुत परेशानी हुई।
राजीव चौक के पास पार्किंग के सामने वाली सड़क, शीतला माता रोड, सदर बाजार, बस अड्डा रोड और आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर पानी ही पानी नजर आया और जाम की वजह से लोग बेहाल नजर आए।

















