Haryana News: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय रेवाड़ी के भौतिकी विभाग में कार्यरत प्रोफेसर विजय कुमार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का कुलपति बनने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने प्रोफेसर विजय कुमार को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया एवं शाल व स्मृति चिन्ह भेंट किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने सभी शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रोफेसर विजय कुमार को कुलपति बनने पर बधाई देते हुए अपनी खुशी जाहिर की।
कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने प्रोफेसर विजय कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर विजय कुमार को प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों का अनुभव है जिसका लाभ अब चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा को भरपूर मिलेगा। उन्होंने प्रोफेसर विजय कुमार की सादगी, धैर्य एवं कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रोफेसर विजय कुमार ने हरियाणा सरकार, आईजीयू कुलपति एवं कुलसचिव एवं सभी स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को जीवन में कड़ी मेहनत के साथ निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी महान व्यक्ति के बायोडाटा से बड़ी उसकी जीवन की बायोग्राफी होती है। हम सभी को मिलकर आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सकारात्मक सोच के साथ संवारना है।
प्रोफेसर मंजू परुथी ने प्रोफेसर विजय कुमार को बधाई देते हुए कुलपति, कुलसचिव एवं उपस्थित सभी शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. विपिन कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. जे.एल. द्विवेदी एवं डॉ. कविता ने अपने अनुभव साझा करते हुए विचार रखें। उन्होंने प्रोफेसर विजय कुमार को एक प्रेरणा का स्रोत बताया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्षों सहित शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।
















