LPG Gas Cylinder: हिमाचल प्रदेश के उपभोक्ताओं के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बद्दी स्थित गैस प्लांट से ठियोग जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों में भारी गड़बड़ी सामने आई है। निर्धारित वजन से करीब डेढ़ किलो कम गैस भरकर उपभोक्ताओं को चूना लगाया जा रहा था। खाद्य विभाग की मुस्तैदी से इसका पर्दाफाश हुआ है। मामला तब सामने आया जब खाद्य विभाग ने गैस एजेंसी को 10 फीसदी सिलेंडरों की जांच करने के निर्देश दिए। जब सिलेंडरों का वजन किया गया तो अधिकारी हैरान रह गए।LPG Gas Cylinder
जांच में पाया गया कि 95 घरेलू गैस सिलेंडरों में 14.2 किलोग्राम की जगह सिर्फ 12.7 किलोग्राम गैस मौजूद थी। इस खुलासे के बाद जिला नियंत्रक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक को जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार बद्दी प्लांट से 324 गैस सिलेंडरों की खेप लेकर एक ट्रक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ठियोग पहुंचा।LPG Gas Cylinder
इसी दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के जिला नियंत्रक को सूचना मिली कि ट्रक में मौजूद गैस सिलेंडरों में गैस की मात्रा कम है। सूचना मिलते ही विभाग तुरंत मौके पर पहुंचा और एजेंसी को सिलेंडरों का वजन करने के आदेश दिए।
एजेंसी ने जब सिलेंडरों का वजन करना शुरू किया तो अधिकारियों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। एक के बाद एक करीब 95 सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस पाई गई। इन सिलेंडरों की आपूर्ति ठियोग व आसपास के क्षेत्रों में होनी थी। अब सवाल यह उठता है कि आखिर इन सिलेंडरों में गैस कम कैसे हुई? इस बारे में अब आगे जांच की जाएगी। इस पूरे मामले पर जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने बताया कि बद्दी प्लांट से आपूर्ति लेकर आए ट्रक को जब्त कर लिया गया है। साथ ही मामले की गहनता से जांच के लिए 2 निरीक्षकों को नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















