Haryana News: हरियाणा सरकार ने ई-अधिगम (E-Learning) योजना के तहत नौवीं से बारहवीं तक के छात्रों को वितरित किए गए फ्री टैबलेट वापस लेने का निर्णय लिया है। इस योजना को अब सीमित रूप में लागू किया जाएगा, जहां सख्त निगरानी और नियंत्रित उपयोग संभव होगा।
शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने कहा कि टैबलेट योजना छात्रों के हित में शुरू की गई थी, लेकिन बच्चों द्वारा टैबलेट का दुरुपयोग बढ़ने लगा था। शिकायतें मिलीं कि बच्चे इसका इस्तेमाल पढ़ाई के बजाय गेम, फिल्में और अनुचित सामग्री देखने में कर रहे हैं।
ढांडा ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार तकनीक के खिलाफ नहीं है, बल्कि चाहती है कि इसका सही और सकारात्मक इस्तेमाल हो। उन्होंने कहा कि आगे टैबलेट का उपयोग सिर्फ उन्हीं क्षेत्रों में होगा, जहां निगरानी और नियंत्रण संभव हो।
सरकार अब इस योजना को सीमित और नियंत्रित तरीके से लागू करेगी। सिर्फ उन स्कूलों या संस्थानों में टैबलेट का इस्तेमाल होगा जहां स्टाफ की कड़ी निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था हो। संभव है कि भविष्य में यह सुविधा लाइब्रेरी या लैब जैसे सीमित संसाधनों तक सीमित की जाए।

















