रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी पुलिस ने सतर्कता के चलते मोहल्ला शक्ति नगर में हुई एक नेपाली युवक की हत्या की वारदात को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रम भूल (निवासी बर्दगोरिया, जिला कैलाली, नेपाल) के रूप में हुई है।
पार्टी के दौरान हुआ विवाद, चाकू से किया हमला
डीएसपी (ट्रैफिक) पवन कुमार ने बताया कि 28 अगस्त की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि शक्ति नगर की गली नंबर-11 में किरायेदार विक्रम ने आपसी विवाद के बाद अपने ही गांव के युवक गोविंद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और ‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम ने साक्ष्य जुटाए। गंभीर रूप से घायल गोविंद को तुरंत ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे PGI रोहतक रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान गोविंद की मौत हो गई।
मकान मालिक नितीश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विक्रम अपनी पत्नी प्रियंका के साथ पिछले डेढ़ साल से कमरे में किराये पर रह रहा था और कुकिंग का काम करता था। मृतक गोविंद भी उसी के गांव का था और अक्सर उसके कमरे पर आता-जाता था। बता दे कि 28 अगस्त की शाम को गोविंद विक्रम के कमरे पर आया था और दोनों पार्टी कर रहे थे। देर रात शोर सुनकर जब मकान मालिक वहां पहुंचा, तो गोविंद खून से लथपथ पड़ा था । उन्होने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर टीमें गठित कीं और कुछ ही घंटों में आरोपी विक्रम को धर दबोचा।
क्यों की थी हत्या: पुलिस पूछताछ में आरोपी विक्रम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने खुलासा किया कि मृतक गोविंद उसकी पत्नी पर बुरी नीयत रखता था। घटना की रात गोविंद ने उसकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे आक्रोशित होकर उसने गुस्से में चाकू से वार कर गोविंद की हत्या कर दी।












