Budget 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे देश के लिए अपार अवसरों का राजमार्ग बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार करने वाला है और इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट विकसित भारत की नींव को और मजबूत करेगा तथा भारत की रिफॉर्म एक्सप्रेस को नई गति देगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का जो विजन है, उसे जमीन पर उतारने में यह बजट अहम भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने लगातार बजट पेश कर वित्त मंत्री के रूप में एक नया रिकॉर्ड बनाया है, जो अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है।Budget 2026
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में वर्ष 2026-27 के लिए देश का बजट पेश किया, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों के लिए बड़े स्तर पर आवंटन किया गया है। इस बजट में सबसे ज्यादा राशि परिवहन मंत्रालय को दी गई है। परिवहन मंत्रालय को 5 लाख 98 हजार 520 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जो बुनियादी ढांचे, सड़कों, रेलवे और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने की सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है।Budget 2026
दूसरे स्थान पर रक्षा मंत्रालय रहा, जिसे 5 लाख 94 हजार 585 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इससे सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
तीसरे स्थान पर ग्रामीण विकास मंत्रालय रहा, जिसे 2 लाख 73 हजार 108 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके बाद गृह मंत्रालय को 2 लाख 55 हजार 234 करोड़ रुपये और कृषि मंत्रालय को 1 लाख 62 हजार 671 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
शिक्षा मंत्रालय के लिए 1 लाख 39 हजार 289 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिससे शिक्षा क्षेत्र में सुधार और विस्तार को गति मिलने की संभावना है। ऊर्जा मंत्रालय को 1 लाख 9 हजार 29 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य मंत्रालय को 1 लाख 4 हजार 599 करोड़ रुपये और शहरी विकास मंत्रालय को 85 हजार 522 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं आईटी और टेलीकॉम मंत्रालय को 74 हजार 560 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
कुल मिलाकर बजट 2026-27 को सरकार विकास, सुधार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया दस्तावेज मान रही है, जिससे आर्थिक विकास को रफ्तार देने और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का भरोसा जताया जा रहा है।

















