लेखनी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री

On: May 30, 2025 6:48 PM
Follow Us:
Media plays an important role in nation building through writing: Chief Minister

लेखनी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री

हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के वार्षिक अधिवेशन में पहुंचे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

हरियाणा सरकार मीडिया के हितों की सुरक्षा के लिए उठा रही प्रभावी कदम

रोहतक 30 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज़ादी के बाद से लेकर आज तक राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका रही है। उन्होंने राष्ट्रहित में अपनी लेखनी को आधार बनाने वाले सभी पत्रकारों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता लोकतंत्र की मजबूती का आधार स्तंभ है और यही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के राधा कृष्णन ऑडिटोरियम में हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के वार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कलम के प्रहरियों को सलाम किया। अधिवेशन में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व बाबा कपिलपुरी जी महाराज विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ अधिवेशन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महर्षि नारद मुनि के वंशज होने के नाते पत्रकारिता के धर्म का निर्वाह कर रहे सभी मीडिया बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह पावन दिवस हमारे पंचम गुरु ‘श्री गुरु अर्जन देव जी’ की शहादत को नमन करने का दिन भी है, जिन्होंने धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। साथ ही उन्होंने अरूट महाराज की जयंती पर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है और हमारा राष्ट्र विश्व में अग्रणी बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
देश की आजादी के आंदोलन में पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को नई दिशा देने वाले विचार निर्माता पत्रकार ही होते हैं, जिनके निरंतर सहयोग से राष्ट्र उन्नति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है और हरियाणा सरकार भी मीडिया के हितों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया का योगदान महत्वपूर्ण है। समाज में नई चेतना उत्पन्न करते हुए योजनाओं से लाभान्वित करने में मीडिया की सक्रिय भूमिका सदैव प्रशंसनीय है । उन्होंने मीडिया बंधुओं को सरकार की कुशल कार्यशैली के बारे में लोगों को अवगत कराते हुए नैतिक पत्रकारिता पर फोकस करने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने बताया कि मीडिया फ्रेंडली माहौल सरकार दे रही है ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपनी लेखनी का इस्तेमाल समाज हित में कर सकें।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के वार्षिक अधिवेशन में 21 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। साथ ही यूनियन की ओर से रखी गई मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का भी आश्वासन दिया।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now