IPS Bushra Bano Success Story: महिलाओं की सक्सेस स्टोरी उन महिलाओं को सही रास्ता दिखाती है जो अपनी नौकरी, सपने और बहुत कुछ समाज की वजह से छोड़ देती हैं. ऐसी कहानियां हिम्मत और हौसला दोनों बढ़ाती हैं.
आईपीएस बुशरा बानो एक ऐसी महिला हैं जो सऊदी अरब में अपने पति और बच्चे के साथ आराम से नौकरी कर रही थीं लेकिन UPSC की नौकरी पाने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने सब छोड़ दिया और भारत लौट गईं. उनकी सक्सेस स्टोरी भी आपका हौसला बढ़ाएंगी. आइए जानते हैं उनका सफर कैसा रहा….
सपना पूरा करने के लिए पति ने दिया साथ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुशरा बानो उत्तर प्रदेश के कन्नौज की रहने वाली हैं और सऊदी अरब में अपने पति और एक बच्चे के साथ रह रही थीं. वह सऊदी अरब की यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं. हालांकि बुशरा बानो का हमेशा से सपना था कि वह एक आईपीएस अधिकारी बनें.
अच्छी नौकरी और बच्चे की मां बनने के बाद भी उन्होंने UPSC परीक्षा पास करने का अपना सपना नहीं छोड़ा. उनके पति की भी अच्छी जॉब थी. बुशरा बानो का सपना पूरा करने के लिए उनके पति ने भी भरपूर साथ दिया और वो साऊदी से वापिस भारत आ गए.
सुननी पड़ी समाज की बातें
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 2016 में भारत वापस आने के बाद बुशरा ने UPSC की तैयारी शुरू कर दी. उन्होंने भी उन पुराने रिवाजों और समाज की बातों का सामना किया जो महिलाओं के बारे में बनी हुई हैं जो शादीशुदा हैं और मां भी हैं. जब वह पढ़ाई कर रही थीं, तो उन्हें समाज की काफी बातें सुननी पड़ीं जैसे कि मां और कोई जिम्मेदारी नहीं ले सकतीं…परिवार बनाने के बाद उन्हें और पढ़ने की क्या ही जरूरत है. लेकिन बुशरा बानो ने इन बातों पर ध्यान नहीं दिया और अपने परिवार का ध्यान भी रखा और UPSC की तैयारी भी जारी रखी.
2018 में दूसरी बार बनीं मां
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 2018 में बुशरा बानो ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया. तब भी लोगों ने कहा कि इस समय उनके लिए UPSC परीक्षा पास करना असंभव होगा क्योंकि अब उनके ऊपर दोहरी जिम्मेदारी थी. लेकिन उन्होंने फिर लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया और UPSC के पहले प्रयास में AIR 277 हासिल की. लेकिन बुशरा को IPS बनना था इसलिए उन्होंने फिर परीक्षा दी और AIR 234 हासिल की. इस रैंक के साथ बुशरा बानो IPS अधिकारी बन गईं.

















