Haryana: कुएं में गिरी बकरी को निकालने गए दो युवक अपनी ही जान गंवा बैठे, फिर मची अफरा तफरी जानिए कैसे हुई मौत

हरियाणा: सुनील चौहान। रेवाड़ी में एक मुर्गी फार्म में बने कुएं में गिरी बकरी को बचाने उतरे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक बेहोश हो गए। बेहोश युवकों को कुएं से निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई। युवकों की मौत का कारण कुएं में जहरीली गैस का बनना माना जा रहा है। मौत का सही कारण दोनों युवकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। घटना रेवाड़ी के रामगढ़ रोड पर स्थित मुर्गी फार्म की है।

पुलिस के अनुसार अनुसार दिल्ली रोड निवासी हसन खान ने रामगढ़ रोड पर फार्म बनाया है। फार्म की सफाई से निकलने वाला खराब पानी व कचरा फेंकने के लिए सीमेंट के फर्मे डालकर करीब 15 फीट गहरा कुआं भी बना रखा है। गुरुवार शाम को कुएं में बकरी गिर गई। फार्म पर काम करने वाले कर्मचारी कुएं के पास पहुंचे तो उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला के धर्मपुर निवासी दुर्गेश बकरी को निकालने कुएं में उतर गया और बेहोश होकर वहीं गिर गया।

दुर्गेश को अंदर बेहोश होते देख बिहार के जिला मुंगेर के गांव बरियापुर निवासी मनीष भी कुएं में उतर गया लेकिन वह भी बेहोश हो गया। दोनों को बेहोश होने के कारण वहां काम कर रहे कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। इसके बाद दो और युवक कुएं में उतरे और उन पर भी बेहोशी छाने लगी। लेकिन दोनों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई।

सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कुएं में बेहोश पड़े युवकों को बाहर निकलवाया और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिए हैं।
कुएं में बनी जहरीली गैस से दोनों की मौत होने की आशंका है। सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता लग पाएगा। दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। – एएसआई परविंद्र सिंह, जांच अधिकारी, सदर थाना।

 

WhatsApp Group Join Now
Google News Join Now
Back to top button