Haryana News: 21 साल से फरार था चोरी और हमले का आरोपी, धारूहेड़ा पुलिस ने दबोचा

On: March 21, 2026 11:21 PM
Follow Us:
कंपनी में चोरी के प्रयास व पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में संलिप्त 21 साल से फरार चल रहे अदालत द्वारा उद्घोषित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

Haryana News: हरियाणा के धारूहेड़ा में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। 21 साल पहले एक फैक्ट्री में चोरी के प्रयास और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पलवल जिले के गांव दुरेची निवासी खुर्शीद के रूप में हुई है। इससे पहले इसी मामले में चार आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

पूरा मामला 8 मई 2004 की रात का है, जब धारूहेड़ा स्थित सहगल फैक्ट्री में चोरी की वारदात हुई थी। फैक्ट्री के गार्ड मुंशी सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक टाटा-407 गाड़ी फैक्ट्री में खड़ी है और कुछ लोग चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया।

लेकिन उसने शोर मचा दिया, जिसके बाद 10-15 लोग लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर आ गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान पुलिस की जिप्सी को नुकसान पहुंचाया गया और वायरलेस सेट भी तोड़ दिया गया। हमलावरों ने फैक्ट्री के गार्डों से भी मारपीट की और भागने से पहले गाड़ी व चोरी का सामान मौके पर ही छोड़ गए।

इस गंभीर मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों शहजाद उर्फ खुशी, कासम, मुबारिक और जाकिर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी खुर्शीद फरार चल रहा था। अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। आखिरकार, 21 साल बाद सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now