Haryana crime: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के शार्प शूटर महेंद्रगढ़ जिले के गांव गुढ़ा निवासी विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को हुई इस गिरफ्तारी को दिल्ली एनसीआर में सक्रिय गैंगस्टर सिंडिकेट के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहा विकास उर्फ विक्की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और लगातार ठिकाने बदलकर कानून एजेंसियों को चकमा दे रहा था।
18 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज : पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विकास उर्फ विक्की पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और रंगदारी सहित कुल 18 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में मुख्य आरोपी था और कई महीनों से फरार चल रहा था। अदालत उसे पहले ही पांच अलग अलग मामलों में भगोड़ा घोषित कर चुकी थी। उसकी गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
घेराबंदी कर उसे दबोचा: पुलिस क्राइम ब्रांच के डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर राकेश कुमार और एसीपी उमेश बर्थवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम पिछले कई महीनों से फरार गैंगस्टरों की तलाश में जुटी थी। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस को इनपुट मिला कि विकास उर्फ विक्की दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है। इसके बाद टीम ने इलाके में जाल बिछाया और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कैसे जुडा: पूछताछ के दौरान विकास उर्फ विक्की ने अपराध की दुनिया से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वर्ष 2021 में जयपुर जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से हुई थी। जेल के भीतर ही वह बिश्नोई के प्रभाव में आया और उसके सिंडिकेट का हिस्सा बन गया। बाद में जब लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गुटों के बीच आपसी तालमेल बना, तो उसने खुद को गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के लिए काम करने के लिए समर्पित कर दिया। इसके बाद वह गैंग के लिए फंड जुटाने के मकसद से रंगदारी और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने लगा।
गैंगस्टर नेटवर्क को बड़ा झटका: दिल्ली पुलिस अब विकास उर्फ विक्की को रिमांड पर लेकर उससे नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य फरार बदमाशों के बारे में गहन पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से गैंगस्टर नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।

















