Haryana : रेवाड़ी में अद्भुत प्रेम और विरह की कहानी: 30 मिनट में पति-पत्नी दोनों की मौत, एक ही चिता पर अंतिम संस्कार

On: March 21, 2026 11:02 PM
Follow Us:
महज 30 मिनट के भीतर पति-पत्नी की मौत, रेवाड़ी में एक साथ उठी अर्थी

Haryana: हरियाणा के पिथनवास गांव से एक भावुक और विरल घटना सामने आई है, जहां बुधवार सुबह महज 30 मिनट के अंतराल में 90 वर्षीय सुरजी देवी और 93 वर्षीय उनके पति दलीप सिंह का निधन हो गया। पत्नी की मौत का दुख सह न पाने पर पति ने भी कुर्सी पर बैठे-बैठे प्राण त्याग दिए। इस घटना ने पूरे गांव को भावुक कर दिया।

दंपती के बेटे फूल सिंह ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी रोज की तरह माता-पिता को चाय देने गई थीं। मां ने उस वक्त चाय लेने से मना कर दिया और पिता चाय लेकर कमरे से बाहर निकल गए। थोड़ी देर बाद जब बहू फिर से मां के पास गई तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पास जाकर देखा तो मां का निधन हो चुका था। यह खबर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी कमरे में पहुंच गए।

बेटे फूल सिंह ने अपनी बहनों को सूचना दी, लेकिन जब वे कुछ समय बाद घर पहुंचीं, तब तक पिता दलीप सिंह की भी मौत हो चुकी थी। पिता की मौत की खबर ने सबको और ज्यादा भावुक कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि यह दुखद जरूर है, लेकिन इस बात की तसल्ली है कि माता-पिता ने लंबा और संतुलित जीवन जिया, और चौथी पीढ़ी तक को देखा।

गांव के लोगों और परिजनों ने दंपती की अंतिम यात्रा को एक उत्सव के रूप में मनाया। ढोल-नगाड़ों के साथ अर्थी निकाली गई और उसे रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। इसके बाद पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। यह घटना न सिर्फ प्रेम और साथ की मिसाल बन गई, बल्कि गांववालों के लिए भी एक यादगार बनकर रह गई।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now