Haryana News: हरियाणा सरकार शराब ठेकों की नीलामी से भारी भरकम राजस्व जुटा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सरकार ने आबकारी विभाग को 14,064 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया था। जिसमें से अब तक 12,615 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं। अभी 113 जोन की नीलामी नहीं हो सकी है। इनकी निलामी हो जाती है तो यह लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। ठेकों की नीलामी न होने के पीछे एक बड़ा कारण बदमाशों का दखल माना जा है।
हरियाणा में कुल 1,194 आबकारी जोन बनाए गए हैं, जिनमं से 1,081 जोन की फसल नीलाम की जा चुकी है। इन जोनों में शराब बिक्री के लिए लाइसेंस दिए गए हैं। आबकारी आयुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि हर जोन में दो खुदरा शराब दुकानें खोलने की अनुमति है। नई आबकारी नीति के तहत 3 हफ्तों में 2,150 से ज्यादा दुकानें खोली जा चुकी है।
वर्तमान में सिर्फ 113 आबकारी जोन की नीलामी बाकी है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो आने वाले कुछ दिनों में इन शेष जोनों की भी नीलामी कर ली जाएगी। इस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विभाग पूरी तरह डिजिटल माध्यमों का सहारा ले रहा है। विभाग ने दावा किया है कि शराब दुकानों के लिए नीलामी की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष है। इसके लिए राज्य सरकार ने ई-नीलामी पोर्टल विकसित किया है, जिस पर इच्छुक व्यवसायी स्वतंत्र रूप से भाग ले सकते हैं। इससे बोली की प्रक्रिया में पक्षपात और भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं रहती।

















