Haryana News: हरियाणा में भाजपा सरकार के 10 वर्षों में किए गए कार्यों को लेकर राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान न तो कोई बड़ी उद्योग स्थापित हुई और न ही कोई बड़ा प्रोजेक्ट। न ही कोई बड़ी यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज या अन्य कोई बड़ा संस्थान स्थापित किया गया।
मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए मनोहर-नायब सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि इस दौरान प्रदेश में सात लाख 66 हजार एमएसएमई (MSME) स्थापित किए गए हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। आज प्रदेश में 23 राज्य विश्वविद्यालय हैं।
हुड्डा ने पेपर घोटाले पर उठाए सवाल
शुक्रवार को अपने निवास पर मीडिया से बात करते हुए हुड्डा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं से लेकर भर्ती परीक्षाओं तक में घोटाले हुए हैं। इसके बावजूद अब तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि हाईकोर्ट ने भी सरकार को खनन घोटाले पर आईना दिखाया है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की तरह प्रदेश में बेरोजगारी और अपराध भी लगातार बढ़ रहे हैं। विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस पेपर लीक, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
इस बीच, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बिजनेस करने की सुगमता (Ease of Doing Business) का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। आज हरियाणा में निवेशकों को 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं और यह सुनिश्चित किया गया है कि उन्हें सभी अनुमतियां 12 दिनों के भीतर मिल जाएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हरियाणा देश और विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में स्थापित नई एमएसएमई इकाइयों में 39 लाख लोगों को रोजगार मिला है।
CM नायब सैनी बोले – 10 साल बदलाव के गवाह
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीते 10 साल समान विकास, समरसता, सहिष्णुता और उन बदलावों के साक्षी रहे हैं, जो जनता के जीवन को आसान बना रहे हैं। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए ई-गवर्नेंस का एक नया मॉडल तैयार किया गया है और सरकारी योजनाओं व सेवाओं को परिवार पहचान पत्र से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि बिना किसी खर्चे के नौकरियां देना, ऑनलाइन ट्रांसफर, शिक्षित पंचायतें और अंत्योदय अभियान की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है। राज्य में अब तक एक लाख 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां बिना किसी खर्चे के दी जा चुकी हैं। प्रदेश में 79 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें से 30 सिर्फ लड़कियों के लिए हैं। आज हरियाणा समृद्धि की एक नई परिभाषा लिख रहा है।

















