हरियाणा सरकार ने आगामी त्योहारी सीज़न से पहले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार इन कर्मचारियों को ₹13,000 का ब्याज मुक्त फेस्टिवल एडवांस उपलब्ध कराएगी।Haryana News
पात्र कर्मचारियों को 14 अक्टूबर 2025 तक आवेदन करना होगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, जिनके पास वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का भी दायित्व है, ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।Haryana News
यह सुविधा स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार के नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मिलेगी, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं। स्थायी कर्मचारियों को अगले दस माह तक सेवा में बने रहने की संभावना होनी चाहिए, जबकि अस्थायी कर्मचारियों को यह अग्रिम केवल किसी स्थायी कर्मचारी की जमानत पर मिलेगा।
ये रहेगी शर्त: राशि का वितरण 17 अक्टूबर 2025 तक कर दिया जाएगा और इसकी वसूली दस समान मासिक किस्तों में की जाएगी। वर्क-चार्ज स्टाफ, आकस्मिक वेतन भोगी, दैनिक वेतन भोगी, अनुबंधित कर्मचारी, निलंबित कर्मचारी तथा वे कर्मचारी जिनके विरुद्ध नियम-7 के तहत कार्रवाई लंबित है, उन्हें यह लाभ नहीं मिलेगा।
इसके अलावा, यदि पति-पत्नी दोनों सरकारी सेवा में हैं तो एडवांस केवल एक को ही मिलेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अग्रिम राशि का दुरुपयोग करने पर 10 प्रतिशत की दर से दंडात्मक ब्याज वसूला जाएगा और अयोग्य कर्मचारी को राशि स्वीकृत करने पर संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO) के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि इस अग्रिम व्यय की विस्तृत जानकारी नवंबर 2025 के अंत तक वित्त विभाग को भेजी जाए, ताकि महालेखाकार कार्यालय से इसका मिलान किया जा सके। सरकार का यह कदम त्योहारी सीज़न में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी वित्तीय राहत साबित होगा।

















