Haryana : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के कैथल के रहने वाले युवक की अमेरिका में हत्या कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका में ही रह रही युवक की मां ने बेटे की पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है।
वायरल वीडियो में मृतक की मां ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसका बेटा करीब 80 लाख रुपये खर्च कर पत्नी और बेटी के साथ अमेरिका गया था। वहां जाकर वह नौकरी करने लगा और करीब एक वर्ष तक सब कुछ सामान्य रहा। इस दौरान एक होटल में विकास की पत्नी की मुलाकात फतेहपुर के सोनू से हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनू ने विकास के घर आना-जाना शुरू कर दिया और बहन-भाई का रिश्ता बनाकर उसकी पत्नी से राखी भी बंधवाई लेकिन मृतक की मां का आरोप है कि यह केवल नाटक था और परदे के पीछे दोनों एक-दूसरे के प्रेम जाल में फंस गए।
मां ने बताया कि एक दिन जब विकास काम पर गया हुआ था, तो सोनू उसकी पत्नी और बेटी को कार में अपने साथ ले गया। उस दिन से विकास परेशान रहने लगा और अपनी बेटी को पाने के लिए हरसंभव कोशिश करता रहा। आरोप है कि सोनू अक्सर धमकी देता था कि वह विकास को जान से मार देगा।
वीडियो में रोते हुए मां ने कहा कि सोनू, काशी और गुरमीत ने मिलकर उसके बेटे के सिर पर चोट मारी, जिससे वह नौ दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा और आखिरकार उसकी मौत हो गई।

















