Haryana: हरियाणा में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तार

On: August 23, 2025 10:49 AM
Follow Us:
Haryana government school headmaster accused of molesting girl students

Haryana News: हरियाणा के करनाल जिले से एक शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां असंध थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर दूसरी से चौथी कक्षा की मासूम छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा एक छात्रा की शिकायत के बाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

घटना 18 अगस्त की बताई जा रही है। स्कूल की एक बच्ची टिफिन रखने के लिए कक्षा में गई थी, तभी हेडमास्टर दयाचंद ने उसके साथ अशोभनीय हरकत की। डरी-सहमी बच्ची ने उस समय किसी से कुछ नहीं कहा, लेकिन 20 अगस्त को उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए असंध महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) ने बच्ची की काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वह बच्ची अकेली नहीं थी। उसके अलावा कई और छात्राएं भी इसी तरह की हरकतों का शिकार हो चुकी थीं। इसके बाद कुल 14 बच्चियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया, जिनमें से 10 ने स्पष्ट रूप से बताया कि हेडमास्टर दयाचंद ने उनके साथ भी अनुचित व्यवहार किया था।

डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि आरोपी दयाचंद पर पूर्व में भी इस तरह के आरोप लगे थे, लेकिन मामले को दबा दिया गया था। पत्नी की मौत के बाद से वह और अधिक बेकाबू हो गया था और बच्चियों को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now