Haryana: हरियाणा के CM ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर दी बड़ी जानकारी, जानें इस बार क्या होगा खास

On: June 8, 2025 5:43 PM
Follow Us:
Haryana CM gave important information regarding International Yoga Day

Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब देश में स्वच्छता और योग होगा तो देश गति के साथ विकसित भारत की तरफ बढ़ेगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को प्रदेश में 27 मई, 2025 से स्वच्छता अभियान चलाकर शुरू कर दिया गया है। 21 जून के आयोजन के लिए योग की कक्षाएं शुरू हो गई हैं।

कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब यूएनओ में योग का प्रस्ताव रखा तो 177 देशों ने इस पर अपनी सहमति दी और हमारी धरा से निकाला योग विश्व में हर जन-जन तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने योग पद्धति को पूरी दुनिया में फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम ऐतिहासिक और भव्य होगा।

योग किसी एक व्यक्ति या एक विचार का कार्यक्रम नहीं है। योग में हमारी प्राचीन विचारधारा सम्मलित है। ऋषियों ने हमें उपहार के तौर पर योग और ध्यान दिया है। योग करने से मनुष्य हृष्ट-पुष्ट रहता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज मल्टीआर्ट कल्चर सेंटर कुरुक्षेत्र के सभागार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर संस्थाओं के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।

रामदेव ने किया योग को देश-दुनिया में पहुंचाने का काम

मुख्य़मंत्री ने संस्थाओं, एनजीओ, व्यापारी संगठन और सभा में मौजूद अन्य संगठनों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। साथ ही पतंजलि योग पीठ को शहर में हर घर तक योग का निमंत्रण पहुंचाने को कहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग को देश-दुनिया में पहुंचाने का काम ऋषि स्वामी रामदेव ने किया है।

योग से बीमारियों पर आसानी से पाया काबू 

भगवान श्रीकृष्ण की धरा धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में 21 जून को बाबा रामदेव का आगमन कुरुक्षेत्र वासियों के लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम एक पृथ्वी, एक स्वस्थ्य है, जबकि हरियाणा सरकार ने इसके साथ योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा को भी जोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग छोटी-छोटी बीमारियों को दूर करने के लिए दवा लेने लगे हैं, जबकि योग से उन बीमारियों पर आसानी से काबू पाया जा सकता है। इसलिए हम सभी को योग को अपनाना चाहिए।

योग दिवस नहीं है बल्कि एक मेला

उन्होंने कहा कि हमें अपने युवाओं को नशे से बचाना है तो उन्हें योग को अपनाना होगा। योग हमारी इच्छा शक्ति को बढ़ाता है।मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र वासियों से आग्रह करते हुए कहा कि 21 जून को सभी अपनी निंद्रा को छोडक़र सुबह 4 बजे ब्रह्मसरोवर व मेला ग्राउंड में पहुंचकर योग के इस महान यज्ञ में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ें और जिसको जो जिम्मेदारी दी गई है, उसको प्रमुखता के साथ निभाने का काम करें। उन्होंने कहा कि ये केवल मात्र योग दिवस नहीं है बल्कि एक मेला है। जिस प्रकार हम दीपावली, होली, भाईदूज जैसे त्योहारों को मनाते हैं, इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भी उसी प्रकार मनाया जाए।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए 103 सेक्टरों में बांटा क्षेत्र

इस कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी गई कि ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को 103 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें से 64 सेक्टर ब्रह्मसरोवर और 37 सेक्टर मेला ग्राउंड व आसपास के क्षेत्र में बनाए गए हैं। हर सेक्टर में एक हजार साधकों के योग करने की व्यवस्था बनाई गई है।

CM ने संस्थाओं, एनजीओ के पदाधिकारियों को दिलवाई शपथ

मुख्यमंत्री ने सभागार में मौजूद संस्थाओं, एनजीओ व अन्य लोगों को जीवन में नियमित रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान को अपनाने, नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इसके अलावा अपने परिवार, समाज और कार्यस्थल में योग का प्रचार प्रसार करने के लिए प्रेरित भी किया।

कार्यक्रम में हर घर से पहुंचेंगे नागरिक- सुभाष सुधा

पूर्व राज्य मंत्री श्री सुभाष सुधा ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम कुरुक्षेत्र के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है। इस कार्यक्रम को पूरे विश्व में देखा जाएगा। उन्होंने दावा किया इस कार्यक्रम में शहर के हर घर से नागरिक हिस्सा लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से शहर में एक मेडिटेशन सेंटर खोलने की मांग भी की।

प्रदेश के 10 लाख योग साधक लगाएंगे औषधीय गुणवत्ता वाले पौधे- डॉ. जयदीप आर्य

योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि 21 जून को कुरुक्षेत्र से योग के साथ पर्यावरण संरक्षण का आगाज हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 लाख योग साधक औषधीय गुणवत्ता वाले पौधों को रोपित भी करेंगे और कुरुक्षेत्र में एक लाख से ज्यादा लोग एक साथ योग करके विश्व का रिकॉर्ड कायम करेंगे। इस मौके उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल और जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now