Rewari News: तीन दिवसीय एट होम कार्यक्रम के उपरांत दिल्ली से धारुहेड़ा पहुंचे प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके यशपाल खोला और उनकी पत्नी अनिता कुमारी का ब्लॉक धारुहेड़ा क्लब मार्गदर्शक कमेटी द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यह स्वागत समारोह धारुहेड़ा नैचुरल एग्रो फार्म पर आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता दा बाग के डायरेक्टर राव संजय यादव ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बागवानी अधिकारी डॉ. मनदीप यादव उपस्थित रहे।
फार्म के मुख्य द्वार पर ब्लॉक अध्यक्ष नरवीर खोला, उपाध्यक्ष धीरज कुमार, कमेटी सदस्य मां बीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने फूल मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर यशपाल खोला का अभिनंदन किया। समारोह के दौरान फार्म परिसर में क्लब कमेटी सदस्यों, कृषि अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों द्वारा सफल दंपती को प्राकृतिक खेती के माध्यम से जिले, प्रदेश और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए लोई और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राव संजय यादव की ओर से नगद राशि भी भेंट की गई।

यशपाल खोला ने अपने संबोधन में इस उपलब्धि का श्रेय क्षेत्र के बुजुर्गों, प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों, अरावली क्लब के सदस्यों, धारुहेड़ा नैचुरल एग्रो फार्म की पूरी टीम, कृषि विभाग के अधिकारियों, कृषि विशेषज्ञों तथा गुरुकुल कुरुक्षेत्र को दिया। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि प्राकृतिक खेती की इस मुहिम को और अधिक व्यवस्थित व व्यापक रूप दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ पर्यावरण और सुरक्षित कृषि मॉडल मिल सके।
कार्यक्रम में रेवाड़ी और धारुहेड़ा क्षेत्र से प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और क्लबों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उपस्थित वक्ताओं ने हरियाणा को देश में प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाला प्रदेश बताया और उल्लेख किया कि प्राकृतिक खेती के राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर गुजरात के राज्यपाल महामहिम देवव्रत आचार्य हैं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामनिवास, क्लब ऑफिस इंचार्ज वेदप्रकाश, कोषाध्यक्ष, उपप्रधान महेश कुमार, सिद्धार्थ यादव, दखौरा, अंकित, राजेंद्र, जितेंद्र, राजेश सैन, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती सुशीला देवी सहित मातृशक्ति और अनेक प्रबुद्ध नागरिक व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















