Haryana News: हरियाणा में पैरा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास राज्य का पहला पैरा भवन तैयार हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्री और हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष आरती राव ने वीरवार को इस भवन का उद्घाटन किया। साथ ही नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पैरा एथलीट्स को सम्मानित भी किया गया।
इस पैरा भवन का निर्माण कार्य साल 2020 में शुरू हुआ था और इसके लिए लगभग साढ़े 4 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस भवन में हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव ज्योति कुमार भी काम करेंगे। पहले पैरा खिलाड़ियों को कैश अवार्ड, ग्रेडेशन सर्टिफिकेट और नौकरी से जुड़े कार्यों के लिए पंचकूला जाना पड़ता था, जिसमें समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।
अब यह सभी काम इस नए भवन में ही आसानी से पूरे हो सकेंगे। यह सुविधा केवल फरीदाबाद के खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि नूंह, पलवल, गुरुग्राम और रेवाड़ी के पैरा खिलाड़ियों के लिए भी फायदेमंद साबित होगी।
इस मौके पर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने कैबिनेट मंत्री आरती राव को पत्र सौंपकर भवन में अतिरिक्त सुविधाएं बढ़ाने की मांग भी की। इसमें 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, चार इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, ओलंपिक स्तर का 50 मीटर स्विमिंग पूल और 10 मीटर शूटिंग रेंज शामिल हैं। खेल विभाग के उपनिदेशक गिरिराज सिंह ने बताया कि ये सभी प्रोजेक्ट पहले से प्रस्तावित हैं और इनका बजट करीब 40 करोड़ रुपये का है, जिसकी मंजूरी का इंतजार है।
इसके अलावा, पैरा खिलाड़ियों के लिए 50 बेड का हॉस्टल भी प्रस्तावित है। इसका नक्शा तैयार है और मैदान की पैमाइश भी हो चुकी है। मंत्री आरती राव ने इस बजट को जल्द मंजूर कराने का आश्वासन दिया है। इससे हरियाणा में पैरा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेलों का विकास होगा।

















