रेवाड़ी: बावल रोड पर करनावास गांव की सीमा में मिंटा कट के पास मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के शरीर पर गम्भीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहगीरों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में शव को सामान्य अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद युवक का शव गाड़ी से लाकर सुनसान इलाके में फेंका गया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और हत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पहचान होने के बाद ही मामले की असली सच्चाई सामने आ पाएगी। हत्या के इस मामले ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

















