रेवाडी: सुनील चौहान। बाजरा की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद करने, डीएपी खाद न मिलने, महंगाई और सड़कों की दुर्दशा को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव की अगुवाई में अतिरिक्त उपायुक्त आशिमा सांगवान को ज्ञापन सौंपा। राजीव चौक से जिला सचिवालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश सरकार ने किसानों के बाजरे का एक-एक दाना खरीदने का वादा किया था, लेकिन जिले में बाजरे की सरकारी खरीद न होने से बाजरा 1100 रुपये से लेकर 1250 रुपये प्रति क्विंटल तक ही बिक पाया है, जबकि सरकार ने बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2250 रुपये घोषित कर रखा है। भावांतर भरपाई योजना के तहत 600 रुपये प्रति क्विंटल देने की घोषणा की हुई है, लेकिन भावांतर के बाद भी किसानों को बाजरा 1700 रुपये से लेकर 1850 रुपये प्रति क्विंटल ही पड़ेगा। इससे किसान खासे नाराज हैं। सरकार भावांतर भरपाई योजना के तहत कम से कम इतनी राशि जरूर दें कि उससे वह न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर न पड़े।















