Budget: केंद्र का बजट एक फरवरी को जारी किया जा चुका है अब जल्द ही हरियाणा का भी बजट आने वाला है। इसी को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर आगामी प्रदेश बजट में अपने संसदीय क्षेत्र गुरुग्राम और रेवाड़ी के लिए विशेष परियोजनाओं हेतु अलग से बजट प्रावधान करने की मांग की है।Budget
धारूहेड़ा और मसानी बैराज के पानी की समस्या: उन्होंने पत्र में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और भविष्य की जरूरतों का उल्लेख करते हुए कई अहम सुझाव सरकार के सामने रखे हैं।राव इंद्रजीत सिंह ने धारूहेड़ा और मसानी बैराज में दूषित पानी की गंभीर समस्या का जिक्र करते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए अलग से बजट देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए बजट में विशेष घोषणा करने और पंचायतों व नगर निकायों में अध्यक्षों की शक्तियों को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।
मेट्रो ट्रेन परियोजना: केंद्रीय मंत्री ने सराय काले खां से रेवाड़ी तक मेट्रो ट्रेन परियोजना को भी बजट में शामिल करने की मांग की है, जिससे दक्षिण हरियाणा को सीधा लाभ मिल सके। पत्र में राव इंद्रजीत सिंह ने लिखा कि दक्षिण हरियाणा को सैनिकों की खान कहा जाता है और रेवाड़ी, गुरुग्राम व नारनौल जैसे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सेना में सेवाएं देते रहे हैं। ऐसे में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधाओं के लिए इन शहरों में सैनिक सदन का निर्माण बेहद जरूरी है। इसके लिए उन्होंने बजट में विशेष राशि आवंटित करने की अपील की है।
बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर बल: केंद्रीय राज्यमंत्री ने रेवाड़ी जिले के तेजी से हो रहे विस्तार की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि गुरुग्राम के बाद रेवाड़ी एक उभरता हुआ शहरी और औद्योगिक केंद्र बन रहा है। नमो भारत कॉरिडोर सहित कई आवासीय और औद्योगिक सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं, जबकि बावल क्षेत्र पहले से ही एक बड़ा औद्योगिक हब है। बढ़ते विकास और यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने शहर में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आवश्यकता पर जोर दिया।
फ्लाईओवर और ओवरब्रिज निर्माण की मांग: राव इंद्रजीत सिंह ने हुडा बाइपास पर रेलवे फाटक संख्या एलसी-56 सहित अन्य स्थानों पर फ्लाईओवर और ओवरब्रिज निर्माण के लिए करीब 207 करोड़ रुपये के पीडब्ल्यूडी प्रस्ताव का उल्लेख किया। इसके अलावा राजेश पायलट चौक बावल रोड, सिविल सचिवालय के पास और कंटेनर डिपो रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर के लिए पीडब्ल्यूडी और एचएसआरडीसी द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को भी शीघ्र मंजूरी देने की मांग की गई है।
उन्होंने हरी नगर से गोकल गढ़ तक बने बाइपास पर हरी नगर टी-पॉइंट फ्लाईओवर पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई। राव इंद्रजीत सिंह ने दुर्घटनाओं को कम करने के लिए इस टी-पॉइंट पर रेवाड़ी और नारनौल की ओर स्लिप रोड बनाने का सुझाव दिया। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इन सभी महत्वपूर्ण प्रस्तावों को प्रदेश सरकार के आगामी बजट में शामिल कर क्षेत्र के विकास को गति दी जाए।

















