हरियाणा: PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत तीसरी किस्त के रूप में 181 करोड़ रुपये की राशि 8 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की। यह राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी गई, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
सरकार ने इस योजना के दायरे का भी विस्तार किया है। अब 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों और मेधावी बच्चों की माताओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। नई व्यवस्था के तहत फरवरी माह से लाभार्थी महिलाओं को हर महीने कुल 2100 रुपये की सहायता दी जाएगी। इसमें से 1100 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 1000 रुपये आरडी या एफडी के माध्यम से सुरक्षित निवेश के रूप में दिए जाएंगे, ताकि भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
आत्मनिर्भर बनाने को लेकर बडा कदम: कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देश्य बेटियों और महिलाओं को आर्थिक संबल देना है, ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं के लिए किसी पर निर्भर न रहें। सरकार का मानना है कि महिला सशक्तिकरण से ही परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे।




