Indian Railways: त्योहारों के व्यस्त मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे, अंबाला मंडल ने ‘RailOne App’ के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की है। यह आधुनिक ऐप यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की लाइव स्थिति और खानपान तक सभी सेवाओं को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराता है।
‘RailOne App’ के माध्यम से यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हैं। वे पीएनआर स्थिति और ट्रेन की रीयल-टाइम जानकारी देख सकते हैं, प्लेटफॉर्म टिकट और ऑनलाइन भोजन बुक कर सकते हैं, रिफंड की स्थिति जान सकते हैं और रेलमदद जैसी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
रेलवे प्रशासन ने त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अनारक्षित टिकट जारी करने की प्रक्रिया को और तेज करने का लक्ष्य रखा है। अब यह प्रक्रिया केवल तीन मिनट या उससे भी कम समय में पूरी हो जाएगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे टिकट बुकिंग के लिए किसी भी दलाल के झांसे में न आएं और रेलवे स्टेशन पर मौजूद स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) या RailOne App का ही प्रयोग करें। यह ऐप एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए Google Play Store और एप्पल उपयोगकर्ताओं के लिए Apple Store पर निःशुल्क उपलब्ध है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार (आईआरटीएस) ने बताया कि RailOne ऐप एक ही मंच पर यात्रियों को सभी डिजिटल सुविधाएं प्रदान करता है। इसका उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को तेज़, सुरक्षित और तनावमुक्त बनाना है। रेलवे प्रशासन की यह पहल तकनीक के माध्यम से यात्रियों को बेहतर अनुभव देने और भारतीय रेल की सेवाओं को और अधिक जनसुलभ बनाने के लिए है।

















