Haryana New District: हरियाणा में 9 साल बाद नए जिले बनाने को लेकर दोबारा चर्चा शुरु हो गई है। सरकार ने इसी कारण कैबिनेट सब कमेटी का कार्यकाल 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। कमेटी के चेयरमैन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसी महीने फिर से मीटिंग बुला ली है। हालांकि अभी मीटिंग की तारीख तय नहीं है।
यह मीटिंग अगले हफ्ते में होने की संभावना है। अभी तक कमेटी के पास जिन नए जिलों का बनाने की मांग आई है, उनमें हांसी और गोहाना ही तय मानकों तक पहुंच पाए हैं।
कार्यकाल बढ़ाने की ये रही वजह
भारत के महारजिस्ट्रार और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने हाल ही में प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं में बदलाव के लिए 31 दिसंबर तक समय बढ़ा दिया है। इसको लेकर उनकी ओर से हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया था। इस पत्र में अगले साल फरवरी यानी 2026 में जनगणना का काम शुरु होगा। जिसके चलते पहली जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
कैबिनेट सब कमेटी में 4 मंत्री
हरियाणा में नए जिले, मंडल, तहसील और उपतहसील बनाने को लेकर हरियाणा सरकार ने विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर रखी है। इसमें राजस्व एवं निकाय मंत्री विपुल गोयल, शिक्षा एवं संसदीय कार्य मामले मंत्री महीपाल सिंह ढांडा और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शामिल है।
अब तक 3 बार सरकार दे चुकी एक्सटेंशन
पिछले साल 4 दिसंबर को गठित कमेटी का कार्यकाल 4 मार्च को पूरा हो गया था, जिसके बाद कमेटी का कार्यकाल 30 जून तक बढ़ा दिया गया। प्रशासनिक सीमाओं में परिवर्तन के लिए कई मीटिंग कर चुकी कमेटी का कार्यकाल भी पूरा हो गया। सरकार की तरफ से अब इस कमेटी को फिर से 31 दिसंबर तक के लिए एक्सटेंशन दी गई है।
5 नए जिले बनाने की आई मांग
कैबिनेट सब कमेटी के पास 5 नए जिले बनाने की मांग आई हुई है। इनमें हिसार से अलग हांसी, सिरसा से अलग डबवाली, करनाल से अलग असंध, जींद से अलग सफीदों और सोनीपत से अलग गोहाना शामिल है। गुरुग्राम से अलग मानेसर को भी नया जिला बनाने की मांग चल रही है, लेकिन कैबिनेट सब कमेटी के पास लिखित में ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है।

















