Monsoon In Rajasthan: राजस्थान में कब होगी प्री-मानसून की एंट्री, देखें मौसम विभाग का अपडेट

On: June 4, 2025 7:09 PM
Follow Us:
evening

Monsoon In Rajasthan: राजस्थान के हाड़ौती अंचल में मौसम ने करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और अरब सागर से नमी मिलने के कारण कोटा सहित कई क्षेत्रों में प्री-मानसून की पहली जोरदार बारिश दर्ज की गई. इस बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली. वहीं खेतों में रखी प्याज की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.

अचानक बदला मौसम, झमाझम बारिश से छाई ठंडक
मंगलवार को दोपहर बाद कोटा शहर में तेज अंधड़ और झमाझम बारिश शुरू हुई. करीब दो घंटे तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही. जिससे शहर का माहौल ठंडा और खुशनुमा हो गया. दोपहर दो बजे तक बादल छाए रहे. फिर तीन बजे के आसपास तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ.

तापमान में गिरावट, बच्चों ने उठाया बारिश का आनंद
बारिश के बाद अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री गिरकर 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हवा की रफ्तार करीब 13 किमी प्रति घंटे रही. शाम पांच बजे तक कोटा शहर में 4.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. बच्चों और युवाओं ने सीजन की पहली बारिश का भरपूर लुत्फ उठाया.

स्टेशन क्षेत्र की दुकानों में घुसा पानी
बारिश के साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई. स्टेशन और अन्य निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया. कई दुकानों में पानी घुस गया. जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा. सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ. मोडक स्टेशन और रामगंजमंडी में तीन इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं सुकेत कस्बे में करीब चार घंटे में तीन इंच से अधिक वर्षा हुई. Monsoon In Rajasthan

खेतों में रखी प्याज की फसल तबाह
झालावाड़ और झालरापाटन में मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे से सुबह आठ बजे तक करीब सवा तीन इंच बारिश हुई. इस बारिश ने कई जगहों पर प्याज की फसल को नुकसान पहुंचाया, जो खेतों में पहले से कटकर रखी हुई थी. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही. हालांकि किसानों के चेहरों पर राहत दिखी. क्योंकि अब वे खेती की तैयारी में लग गए हैं.

बूंदी में तेज हवाओं के साथ बरसात
बूंदी शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. दोपहर करीब पौने तीन बजे अचानक मौसम बदला और सड़कों पर पानी बहने लगा. रामगंजबालाजी, केशवरायपाटन, भंड़ेडा और खटकड़ सहित कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई.

आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पश्चिमी विक्षोभ अब भी सक्रिय है और पंजाब व आसपास के क्षेत्रों में मध्य वायुमंडलीय परिसंचरण तंत्र के रूप में कार्य कर रहा है. 4 और 5 जून को कोटा, जयपुर, भरतपुर जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. 6 जून से पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क हो सकता है और तापमान में 3 से 5 डिग्री की वृद्धि हो सकती है.

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now