भारतीय रेलवे में अगले महीने जुलाई से कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिसका सीधा असर ट्रेन यात्रियों पर पड़ेगा। इनमें तत्काल टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बदलाव और रेल किराए में बढ़ोतरी जैसी अहम बातें शामिल हैं। इन बदलावों के चलते रेल से यात्रा करने वालों को नई प्रक्रिया का पालन करना होगा। आइए इन बदलावों के बारे में विस्तार से जानते हैं:
पहला बदलाव- रेल किराए में बढ़ोतरी
भारतीय रेलवे जुलाई महीने में यात्री किराए में मामूली बढ़ोतरी करने जा रही है। 1 जुलाई 2025 से शुरू होने वाली इस बढ़ोतरी का असर खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर पड़ेगा। नए रेलवे नियम
गैर-एसी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 1 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी, जबकि एसी क्लास में यह बढ़ोतरी 2 पैसे प्रति किलोमीटर तक होगी। हालांकि, 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए सेकंड क्लास टिकट और एमएसटी में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके अलावा 500 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पर प्रति किलोमीटर आधा पैसा किराया बढ़ जाएगा।
दूसरा बदलाव- तत्काल टिकट बुकिंग नियम
1 जुलाई 2025 से भारतीय रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में भी अहम बदलाव करने जा रहा है। इस बदलाव के तहत सिर्फ आधार वेरिफाइड यूजर ही IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे। रेल मंत्रालय के मुताबिक, यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि सिर्फ जरूरतमंद और सही यूजर को ही तत्काल बुकिंग का फायदा मिले।
रेलवे ने अधिकृत बुकिंग एजेंटों पर भी कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। एजेंट अब तत्काल टिकट बुकिंग विंडो के पहले 30 मिनट में टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। यह प्रक्रिया एसी क्लास के टिकटों के लिए सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे तक और नॉन एसी के लिए सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी।
तीसरा बदलाव- OTP प्रमाणीकरण
रेलवे से जुड़ा तीसरा बड़ा बदलाव 1 जुलाई 2025 से लागू होने जा रहा है और यह बदलाव भी तत्काल टिकट बुकिंग से जुड़ा है। 15 जुलाई से आधार सत्यापित उपयोगकर्ताओं के लिए OTP आधारित प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य तत्काल टिकट बुकिंग में अनियमितताओं को रोकना है। इसके अलावा काउंटर आधारित तत्काल टिकट भी अब आधार सत्यापन के बाद ही बुक किए जा सकेंगे।

















