Haryana News: हरियाणा की बल्लभगढ़ से बड़ी खबर आ रही है। यहां आयकर विभाग की टीम ने उप तहसील में छापा मारा है। इस दौरान टीम ने पाया कि बल्लभगढ़ तहसीलदार की ओर से करीब 6 साल से उनको रजिस्ट्री का कोई भी डाटा उपलब्ध नहीं करवाया है। जिसके चलते यहां करीब 11 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम और फरीदाबाद की इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम शुक्रवार की दोपहर सबसे पहले पुलिस लाइन पहुंची। वहां से उन्होंने संबंधित आला अधिकारियों से 11 पुलिस वालों की टीम की मांग की। जिसके बाद पुलिस लाइन से पुलिस की टीम भेज दी गई। इसके बाद टीम दोपहर को दो बजे बल्लभगढ़ स्थित उप तहसील में पहुंची।
छह साल की रजिस्ट्री का रिकॉर्ड नहीं
बताया जा रहा है कि सर्वे के दौरान टीम को पता चला है कि बल्लभगढ़ उप तहसील की ओर से उनके पास पिछले छह साल की रजिस्ट्री का कोई भी रिकॉर्ड नहीं आया है। यह रिकॉर्ड करीब 11 हजार करोड़ का है। जिस पर वह रजिस्ट्री की जांच करने के लिए पहुंची। यह टीम दोपहर के दो बजे से लेकर रात के 11 बजे तक जांच करती रही।
क्या है नियम
खबरों की मानें, तो नियम के अनुसार 30 लाख से ज्यादा की अगर कोई रजिस्ट्री उप तहसील में होती है तो उसकी जानकारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को देनी होती है। लेकिन, पिछले छह साल से तहसीलदार की ओर से इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई गई है।
















