Haryana News: चंडीगढ़ में रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने का काम जारी है। फेस्टिवल सीजन को देखते हुए पंचकूला साइड का प्रवेश हाल रविवार शाम छह बजे अस्थायी रूप से खोल दिया गया है। यहां दो एस्केलेटर भी चालू कर दिए गए हैं। इससे बुजुर्ग, दिव्यांग और भारी सामान लेकर आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
स्टेशन की बिल्डिंग्स की सीढ़ियां भी खोली गई हैं, जिससे प्लेटफार्म नंबर 2, 3, 4 और 5 के बीच आवाजाही पहले से तेज और सुरक्षित हो सकेगी। अब यात्रियों को प्लेटफार्मों के बीच जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की बिल्डिंग तैयार हो चुकी है। पंचकूला और चंडीगढ़ साइड की एंट्री प्वॉइंट पहले ही खोल दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे चालू हो चुके हैं और जल्द ही आर्ट वर्क का काम शुरू होगा। नई बिल्डिंग में अक्टूबर से टिकट बुकिंग भी शुरू होगी। स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) भी तैयार है।
ग्राउंड फ्लोर पर कुल 30 टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें 15 चंडीगढ़ और 15 पंचकूला की ओर हैं। इसी फ्लोर पर बुक स्टाल, रिटेल शॉप, यादगार वस्तुओं की दुकान और रेलवे कार्यालय दोनों तरफ मौजूद हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एग्जीक्यूटिव लाउंज और सुरक्षा/सीसीटीवी कक्ष भी बनाए गए हैं।
चंडीगढ़ साइड ऑफिस एरिया और को-वर्किंग स्पेस के लिए है, जबकि पंचकूला साइड पर रिटायरिंग रूम और डोरमेट्री का प्रावधान किया गया है। सेकंड फ्लोर पर पूछताछ काउंटर, फूड कोर्ट, क्लाक रूम और खुदरा दुकानें हैं। थर्ड फ्लोर पर पेड वेटिंग लाउंज बनाया गया है, जिसमें 408 वर्गमीटर क्षेत्र है। इस फ्लोर पर चंडीगढ़ और पंचकूला दोनों तरफ फूड कोर्ट भी हैं, जिससे यात्रियों को आराम और भोजन की सुविधा दोनों मिलती है।

















