Haryana News: हरियाणा में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां रविवार सुबह एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना के समय दुकानदार अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान 3 बदमाश आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में दुकानदार को 2 से 3 गोलियां लगी। जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान परनाला गांव के रहने वाले सतबीर (56) के रूप में हुई है। उन्होंने करीब एक साल पहले ही अपनी किराने की दुकान शुरू की थी। इससे पहले वह दूध बेचने का काम करते थे।
वहीं इस हमले को सतबीर के बेटे की लव मैरिज से जोड़कर भी देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सतबीर के बेटे ने गांव में ही रिश्ते में भांजी लगने वाली एक लड़की से शादी की थी। लड़की वाले इस शादी से खुश नहीं थे। इसी के चलते इस हमले के होने का अंदेशा है। वहीं पुलिस मौके पर है और मामले की जांच की जा रही है।

















