Gurugram News: हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम के लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, ट्रैफिक पुलिस ने मानसून की बारिश और जलभराव के बीच जाम को रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिसके चलते दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले यात्रियों को द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस डायवर्जन से यात्रा की दूरी 10-15 किलोमीटर तक बढ़ जाएगी। जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, इससे उन्हें जाम से राहत मिलेगी। वहीं ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यातायात को सेक्टर 84 मुख्य सड़क से डायवर्ट किया जाएगा जो खेड़की दौला टोल प्लाजा और पंचगांव के पास से होकर द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ती है। वाहन बजघेरा से बॉर्डर करके दिल्ली में एंट्री करेंगे।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार लोहान ने गुरुवार को जोनल ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और डायवर्जन प्लान को फाइल कर दिया है। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को सुगम बनाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट किया जाएगा। अधिकारियों को गड्ढों को चिन्हित करने और उन्हें पैच करने का भी निर्देश दिया गया है ताकि, सड़क पर जलभराव न हो।
इसके अलावा, यातायात पुलिस पूरे शहर में 24 घंटे 32 क्रेन, दो हाइड्रा और 100 पुलिसकर्मी तैनात करेगी। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे (एनएच-48) के नरसिंहपुर, शंकर चौक, इफ्को चौक और राजीव चौक जैसे हिस्सों में जलभराव की समस्या बेहद गंभीर है।

















