Haryana: हरियाणा में STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से 2 बदमाश घायल

On: March 21, 2026 10:58 PM
Follow Us:
Encounter between STF and criminals in Haryana

Haryana News: हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर-10 में बुधवार रात को बहादुरगढ़ पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और रोहित गोदारा गैंग के दो शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से चली गोलीबारी में गैंग के दो बदमाश नितिन और यशपाल गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाश लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सहयोगी और रोहित गोदारा के लिए काम करते हैं।

यह कार्रवाई रेवाड़ी के भटेड़ा गांव में बुधवार सुबह हुई उस मुठभेड़ से जुड़ी है, जिसमें STF इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर को गोली लगी थी। वे फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है।

रेवाड़ी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर गुरुग्राम में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद बहादुरगढ़ STF टीम ने सेक्टर-10 में ऑपरेशन चलाया।

बुधवार आधी रात को जब पुलिस टीम ने बदमाशों को घेरा, तो उन्होंने खुद को घिरा पाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में STF ने भी गोलियां चलाईं, जिससे दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें काबू में लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

STF के अनुसार, नितिन और यशपाल के खिलाफ हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वे लॉरेंस बिश्नोई के करीबी रोहित गोदारा के इशारों पर काम करते थे, जो कनाडा से गैंग ऑपरेट कर रहा है।

रेवाड़ी में हुई मुठभेड़ में STF टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर को गोली लगी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लिया है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now