Haryana crime: हरियाणा के नारनौल में एक फाइनेंसर पर 15 हजार रुपए का कर्ज देकर बदले में 3 लाख रुपए लौटाने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। इस मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्ज लेने वाला व्यक्ति कह रहा है कि वह पहले ही 22 हजार रुपए चुका चुका है। वीडियो में फाइनेंसर का जवाब है— “हमारा तो ब्याज इतना ही लगता है।”
आरोप है कि फाइनेंसर ने कर्ज के समय लिया गया ब्लैंक चेक कोर्ट में पेश कर दिया, जिसमें 3 लाख रुपए का दावा किया गया है। पीड़ित को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने फाइनेंसर से बातचीत की, जिसकी रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि यह फाइनेंसर रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा का निवासी है।Haryana crime
दो साल पहले लिया था लोन: गांव कुकसी निवासी दीपक ने बताया कि वर्ष 2023 में कोर्ट में चल रहे मेंटेनेंस केस की फीस भरने के लिए उसने बस स्टैंड के पास स्थित श्रीराम फाइनेंसर के विकास से 15 हजार रुपए उधार लिए थे। इस दौरान विकास ने उससे एक ब्लैंक चेक लिया।Haryana crime
दीपक का कहना है कि उसने मूलधन 15 हजार रुपए और ब्याज के 7 हजार रुपए, कुल 22 हजार रुपए चुका दिए हैं, फिर भी उस पर 3 लाख रुपए लौटाने का दबाव बनाया जा रहा है।
इस मामले में नारनौल शहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि अब तक इस संबंध में कोई शिकायत या वीडियो संज्ञान में नहीं आया है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

















